"चाबीयां किसे दू!....." (कहानी)
-Kaushalya
एक वयोवृद्ध थे। उनका हरा-भरा परिवार था। परिवार में तीन बेटे और तीन बहुएँ थी। एक दिन उन्होंने सोचा की मेरे बाद ये सब धरोहर कौन संभालेगा। यह सोचकर उन्होंने अपने बच्चों की परीक्षा लेने का सोचा और किसे चाबीयां सोंपे उसका निर्णय उसी परीक्षा के परिणाम पर निर्धारित किया।
वृद्ध ने एक युक्ति की और तीनो बेटे-बहुओं को बुलवाया और अपने पास जो थोड़े बहुत गेहूँ थे उसके तीन बरा-बर हिस्से किये और तीनो बेटों में बाँट दिया। फिर कहा - "मैं भारत दर्शन के लिए जा रहा हूँ , वो इस गेहूँ को तब तक संभाल कर रखें।"
फिर वृद्ध यात्रा के लिए घर से निकाल पड़े। उनके जाते ही तीनो बेटे-बहुएँ अपना-अपना हिस्सा लेकर चले गए।
बड़ी बहु ने सोचा कि - "बापूजी यात्रा से लौटते ही गेहूँ का हिसाब मांगेंगे। इसलिए, इसे सँभाल कर सुरक्षित जगह पर रख देते है।"
मझली बहु ने तर्क लगाया कि - "इतने गेहूँ को क्या सँभालना, यूँ तो ये पड़े रहेंगे इससे तो अच्छा है इसका भोजन बनाया जाए, जिससे पेट भरेगा और इसका सही उपयोग होगा।"
अब तीसरी बहु सोच रही है कि - "यदि ये गेहूँ ऐसे ही पड़े रहेंगे तो इसमें कीड़े हो जायेंगे। क्यूँना इसे खेत में बोया जाए।"
इस प्रकार तीनो बहुओं ने अपनी-अपनी सूझ-बुझ से गेहूँ का सुरक्षित करने का उपाय ढूंढ़ लिया।
पुरे एक साल बाद यात्रा से जब बापूजी वापस आए। तब उन्होंने तीनो बहुओं और बेटों को बुलवाया और उस दिये हुए गेहूँ का क्या किया यह पूछा।
बड़े बेटे और बहु को पूछा तो - बड़ी बहु जाकर जहाँ पर गेहूँ संभालकर रखे थे वहाँ से ले आयी। बापूजी ने देखा की गेहूँ में कीड़े पड़ कर सड़ गए है।
दुसरे बेटे-बहु को पूछने पर कहा कि - वो पका कर भोजन बना दिये गए है तो समाप्त हो गए है।
अब तीसरे बेटे-बहु को पूछा गया तो उन्होंने कहा कि - "बापूजी, गेहूँ को लाने के लिए 10-12 बैल गाड़ियाँ भेजनी पड़ेगी, तब वो आ सकेंगे।"
बापूजी ने आश्चर्य से पूछा - "वो कैसे ?"
तब छोटी बहु ने कहा कि - " गेहूँ को खेत में बोया गया था, जो आज चार गुना हो गए है। इसलिए, उन्हें लाने के लिए बैल गाड़ी कि जरुरत पड़ेगी।"
यह सब देखने और सुनने के बाद बापूजी ने गेहूँ और यात्रा के रहस्य की बात उदघाटित करते हुए घटस्फोट किया कि, उनकी इस "योग्यता की कसौटी" का निष्कर्ष यह निकालता है कि इस कसौटी में छोटी बहु उतीर्ण हुई है।
अन्त में, बापूजी ने छोटी बहु की समझदारी की दाद देते हुए चाबियों वाला झुमका छोटी बहु को सोंप दिया।
****


